टिहरी पुलिस की तत्परता रंग लाई, इजरायली पर्यटकों का खोया बैग चंद घंटों में बरामद
त्वरित कार्रवाई और सजगता से पुलिस ने जीता विदेशी पर्यटकों का भरोसा, जताया आभार

मुनिकीरेती/टिहरी,15 अप्रैल(दिलीप शर्मा): टिहरी (उत्तराखंड) पुलिस की सतर्कता और कार्यकुशलता का एक सराहनीय उदाहरण तपोवन क्षेत्र में देखने को मिला, जहां इजरायल से आए पर्यटकों का खोया हुआ बैग टिहरी पुलिस ने बरामद कर सुरक्षित उन्हें वापस सौंप दिया। बैग में रखा करीब 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का कैमरा भी सुरक्षित मिला, जिससे पर्यटक बेहद खुश नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इजरायल निवासी सागेव मैडमोनी एवं नोफर असयाग तपोवन क्षेत्र में भ्रमण पर आए हुए थे। इस दौरान उनका बैग कहीं खो गया, जिसमें एक महंगा कैमरा रखा हुआ था। पर्यटकों ने तत्काल पुलिस चौकी तपोवन, थाना मुनि की रेती (टिहरी गढ़वाल) पहुंचकर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही तपोवान पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रवीन रावत के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल धर्मपाल सिंह और कांस्टेबल कपिल देव ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और स्थानीय दुकानदारों से भी पूछताछ की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को उक्त बैग श्री बद्रीनाथ मार्ग के पास सड़क किनारे लावारिस अवस्था में मिला। बैग को चौकी लाकर पर्यटकों को बुलाया गया, जिन्होंने बैग की पहचान कर पुष्टि की कि यह उनका ही है।
अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर दोनों पर्यटक बेहद प्रसन्न हुए और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस, विशेषकर टिहरी गढ़वाल पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने पुलिस टीम का दिल से धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी ने उनका भरोसा और मजबूत किया है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम है, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










