उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश में अवैध घुसपैठ का खुलासा, बांग्लादेशी महिला फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार

LIU की सूचना पर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, फर्जी आधार कार्ड और विदेशी पहचान पत्र बरामद

ऋषिकेश,15 अप्रैल(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेज समेत कई संदिग्ध कागजात बरामद किए गए हैं।

स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संयुक्त टीम का गठन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम ने नटराज चौक क्षेत्र में डग रोड स्थित गेट नंबर-03 के पास घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीना उर्फ रीता (24 वर्ष) निवासी जिला सरियातपुर, ढाका (बांग्लादेश) बताया।

जांच में सामने आया कि वह करीब एक माह पूर्व ‘रिपोन’ नामक व्यक्ति के माध्यम से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए उसे रोजगार का झांसा देकर भारत बुलाया। दिल्ली से ऋषिकेश तक का बस टिकट भी उसी व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराया गया था।

पुलिस के अनुसार, महिला ने पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारतीय आधार कार्ड बनवाया था, जिसका इस्तेमाल वह अपनी पहचान छिपाने के लिए कर रही थी।

इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

बरामद सामग्री:

  • बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र
  • फर्जी भारतीय आधार कार्ड
  • बांग्लादेश नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति
  • ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन

पुलिस टीम:

वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक अरविंद पंवार, हेड कांस्टेबल (LIU) अंकुर कुमार, हेड कांस्टेबल (LIU) विचित्र वत्स, हेड कांस्टेबल ईश कुमार, कांस्टेबल तेजपाल व महिला कांस्टेबल मित्रा शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button