ऋषिकेश पुलिस की सतर्कता से 14 वर्षीय बालिका सकुशल परिजनों को सौंपा गया
त्रिवेणी घाट क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मिली नाबालिग, पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से सुरक्षित घर वापसी

ऋषिकेश,15 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश पुलिस की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण उस समय सामने आया, जब त्रिवेणी घाट क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूम रही एक 14 वर्षीय बालिका को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अप्रैल को त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक नाबालिग बालिका अकेले संदिग्ध परिस्थिति में घूमती हुई दिखाई दी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तत्काल उसे संरक्षण में लिया और पूछताछ के लिए थाने लाया।
पूछताछ में बालिका ने अपना नाम कु० गायत्री पुत्री नाहटिया मकवाना, निवासी ग्राम परवलिया, तहसील थांदला, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) बताया। उसने बताया कि वह बिना परिजनों को सूचित किए घर से ऋषिकेश आ गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए बालिका के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलने पर बालिका के पिता नाहटिया मकवाना एवं माता श्रीमती मंगली थाना पहुंचे।
आवश्यक सत्यापन एवं औपचारिकताओं के उपरांत पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में ऋषिकेश पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली की व्यापक सराहना की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि समय रहते की गई पुलिस की कार्रवाई ने एक संभावित अनहोनी को टालते हुए बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जो पुलिस की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।










