
ऋषिकेश,16 अप्रैल(दिलीप शर्मा): समाजसेवा में अग्रणी संस्था लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल ने एक सराहनीय पहल करते हुए जरूरतमंद परिवारों के 5 बच्चों की शिक्षा का जिम्मा उठाया। क्लब द्वारा रेलवे रोड स्थित गुरुनानक पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में इन बच्चों की प्रवेश (एडमिशन) फीस जमा कराई गई। यह कार्यक्रम गुरुवार सुबह 11 बजे आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों और उनके अभिभावकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष लायन पंकज चांदनानी ने कहा कि शिक्षा समाज को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को समान अवसर मिलना चाहिए और क्लब का यह प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि संस्था भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगी।
इस अवसर पर लाभान्वित बच्चों और उनके अभिभावकों ने क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सक्रिय सदस्य अभिनव गोयल, लविश अग्रवाल, सुशील छाबड़ा और धीरज मखीजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी उपस्थिति ने आयोजन को और प्रभावशाली बनाया।
लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है और समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।










