उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

बरसात से पहले बाढ़ सुरक्षा तैयारियों पर सख्त हुए विधायक, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

चैनलाइजेशन सहित जरूरी कार्य प्राथमिकता पर करने के निर्देश, जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेने पर जोर

ऋषिकेश, 16 अप्रैल(दिलीप शर्मा): बरसात के मौसम को देखते हुए बाढ़ सुरक्षा एवं नियंत्रण की तैयारियों को लेकर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक की।

बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु निकट है, ऐसे में बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध तत्काल सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी से भी वार्ता कर समन्वय बनाने की बात कही।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को औपचारिक स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक चैनलाइजेशन एवं अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं, ताकि संभावित खतरे को न्यूनतम किया जा सके।

विधायक ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों के मन में बाढ़ को लेकर जो आशंकाएं हैं, उन्हें संवाद के माध्यम से दूर किया जाए। साथ ही सभी आवश्यक कदम समयबद्ध ढंग से उठाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

इस बैठक में सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय राज, सहायक अभियंता सुरेंद्र श्रीकोटी सहित प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, गौहरी माफी प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र सेमवाल, जोगीवाला माफी ग्राम प्रधान शैलेंद्र रांगड़, साहब नगर प्रधान प्रतिनिधि अंबर गुरुंग, पूर्व उप प्रधान सुंदर सिंह रावत, पंचायत सदस्य मायाराम पैन्यूली, जगदम्बा रतूड़ी, रन बहादुर थापा, सोहन सिंह नेगी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button