उत्तराखंडटिहरी गढ़वालधरनामुनि की रेती

मुनिकीरेती पालिका में पर्यावरण मित्रों का धरना, वेतन न मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन

कर्मचारी संगठनों ने दी चेतावनी—एक सप्ताह में मांगें पूरी न हुईं तो होगा उग्र आंदोलन

 

ऋषिकेश,17 अप्रैल (दिलीप शर्मा): नगरपालिका परिषद मुनिकीरेती ढालवाला में कार्यरत पर्यावरण मित्रों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर आउटसोर्स ठेकेदार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ, शाखा मुनिकीरेती तथा अखिल भारतीय सफाई मजदूर संगठन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण, मृतक आश्रितों को नौकरी देने तथा ठेका प्रथा समाप्त करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।

अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा तथा एक सप्ताह के भीतर ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

इस मौके पर कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

धरना-प्रदर्शन में कुलदीप, आकाश, रोहित गोदियाल, सचिन रस्तोगी, अमित,सोनू, अशोक, गीता,सुनीता,अमित भौतवाल, कुलदीप कुमार, सुनील कुमार, मोहन लाल भौते, गौरव, सौरव, सुंदर लाल सहित सैकड़ों कर्मचारी और सभी सुपरवाइजर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button