उत्तराखंडऋषिकेशचार धाम यात्राशुभारंभ

ऋषिकेश से चारधाम यात्रा-2026 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने बसों को दिखाई हरी झंडी

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा का संकल्प दोहराया

 

ऋषिकेश, शनिवार (दिलीप शर्मा): पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मिक ऊर्जा का संगम है, जो व्यक्ति को आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाना है।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष “ग्रीन चारधाम यात्रा” और “प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ” का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य किए गए हैं तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास से यात्रा होगी और सुगम

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में ₹12 हजार करोड़ की लागत से निर्मित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रा और अधिक तेज एवं सुगम हो गई है। साथ ही केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यात्रा मार्गों को बेहतर बनाया गया है तथा गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पूर्व स्वास्थ्य जांच कराने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है, जबकि बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा।

वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील मार्गों पर शटल सेवा शुरू की गई है तथा मूवेबल शटल सर्विस के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न स्थानों पर एलईडी के माध्यम से यात्रियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

इस अवसर पर प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button