
ऋषिकेश, 18 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत ट्रांजिट कैंप में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को आवंटित भवन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने भवन में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है, ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, इसलिए व्यवस्थाओं को मजबूत और सुव्यवस्थित बनाए रखना आवश्यक है।
इस दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए तथा भरोसा दिलाया कि समिति यात्रियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास करेगी।










