
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): भारत की जनगणना 2026-27 के सफल संचालन को लेकर नगर निगम ऋषिकेश द्वारा व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 6 बैचों में श्री देव सुमन परिसर स्थित पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय महाविद्यालय के सभागार में संपन्न हुआ। इस दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों को अपने कार्य के प्रति सत्यनिष्ठा और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए चार्ज अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त अमन कुमार ने कहा कि डिजिटल मोड में होने वाली यह जनगणना विश्व की पहली ऐसी जनगणना होगी, जो पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जा रही है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया का हिस्सा बनना गर्व की बात है और इसमें जुड़े सभी कर्मियों का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा।

उन्होंने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य को निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ पूरा करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. सुनील थपलियाल, मनोज कुमार गुप्ता, मनोहर लाल कपरूवान और अमित नेगी सहित नगर निगम की टेक्निकल टीम ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन ऐप डाउनलोड कराकर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों एवं कार्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों के साथ ही नगर निगम के यशवीर, अरविंद सकलानी, राबिया खान, सपना पंवार, अनिकेत सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।










