
ऋषिकेश,20 अप्रैल(दिलीप शर्मा): शिवाजी नगर में आयोजित जनसभा में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत कर क्षेत्रवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बापू ग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में वन विभाग की कार्रवाई से जुड़े मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि कुछ लोग अनावश्यक रूप से जनता को भ्रमित कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार इस विषय के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर उन्होंने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कई बार इस समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया है।
जनसभा में डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कक्ष एवं मंदिर निर्माण के लिए विधायक निधि से 13 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री पुनिता भंडारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत ने शिवाजी नगर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पहले क्षेत्र में पानी, बिजली और सड़कों की समस्याएं थीं, जिन्हें डॉ. अग्रवाल ने दूर कर क्षेत्र का कायाकल्प किया है। साथ ही उन्होंने सीवर लाइन के चल रहे कार्यों के लिए भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के संचालक एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश राइटर ने भी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के लिए विधायक अग्रवाल का धन्यवाद किया।
जनसभा में विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










