कोडियाला के पास भीषण सड़क हादसा: SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, एक महिला की मौत
कार और खड़े ट्रक की टक्कर में 8 लोग घायल, रेस्क्यू के लिए वाहन काटकर निकाला गया शव

टिहरी/कोड़ियाला,21अप्रैल(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी के कोडियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदे एक खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 08:05 बजे चौकी व्यासी से SDRF टीम को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर SDRF टीम ने पाया कि एक कार खड़े भारी ट्रक से टकरा गई थी। कार में चालक समेत कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे।
हादसे में धूमा देवी (55 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह, की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनका शव वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था। SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए RR Saw मशीन की सहायता से वाहन को काटकर शव को बाहर निकाला और अग्रिम कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस को सौंप दिया।
अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।










