उत्तराखंडएम्स ऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश में 23 अप्रैल को होगा 6वां दीक्षांत समारोह

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे मुख्य अतिथि, कई विशिष्ट हस्तियां करेंगी शिरकत

 

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में आगामी 23 अप्रैल (बृहस्पतिवार) को 6वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश की कई विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। इस अवसर पर भारत के माननीय उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहेंगे विशिष्ट अतिथि

कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक) ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में उपस्थित रहेंगी।

पत्रकार वार्ता में दी समारोह की जानकारी

मंगलवार को एम्स परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. मीनू सिंह एवं डीन एकेडमिक प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ देश के लिए सक्षम, समर्पित और नैतिक स्वास्थ्य पेशेवरों के निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

386 विद्यार्थियों को दी जाएंगी डिग्रियां

समारोह में संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 386 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमडी/एमएस/एमडीएस, एमएससी नर्सिंग, एमएससी मेडिकल, एमपीएच, डीएम/एम.च. एवं पीएचडी के विद्यार्थी शामिल हैं।

23 पदक और विभिन्न सम्मान भी दिए जाएंगे

दीक्षांत समारोह में कुल 23 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 13 स्वर्ण, 5 रजत एवं 5 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 21 ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’, 5 ‘सर्टिफिकेट ऑफ अप्रिसिएशन’ तथा 13 ‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ भी वितरित किए जाएंगे।

डॉ. देवांग अग्रवाल ने हासिल किए सर्वाधिक पदक

एमबीबीएस के छात्र डॉ. देवांग अग्रवाल ने सर्वाधिक 7 पदक प्राप्त किए हैं। उन्हें 7 ‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ एवं 1 ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ भी प्रदान किया जाएगा। वहीं, डॉ. रश्मीत कौर दूसरे स्थान पर रहीं, जिन्हें 2 पदकों के साथ 2 ‘सर्टिफिकेट ऑफ अप्रिसिएशन’ एवं 3 ‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ मिलेंगे।

एम्स ऋषिकेश की उपलब्धियों पर भी डाला जाएगा प्रकाश

प्रो. डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि समारोह के दौरान संस्थान की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला जाएगा। वर्तमान में एम्स ऋषिकेश 49 विभागों के माध्यम से सुपर-स्पेशियलिटी एवं उभरते स्वास्थ्य क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान कर रहा है।

डिजिटल और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी

संस्थान ने टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एरोमेडिकल सेवाएं एवं HEMS जैसी आधुनिक पहलें शुरू की हैं, जो विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां

एम्स ऋषिकेश ने अब तक 1.5 लाख से अधिक सर्जरी, 7,000 से अधिक नवजात उपचार एवं हजारों टेलीमेडिसिन परामर्श सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं, जो संस्थान की उत्कृष्ट सेवाओं एवं बढ़ते जनविश्वास को दर्शाते हैं।

Related Articles

Back to top button