विश्व पृथ्वी दिवस पर ऋषिकेश के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र में जागरूकता कार्यक्रम
छात्र-छात्राओं ने वृक्षों की देखभाल कर लिया संरक्षण का संकल्प, शिक्षकों ने बढ़ते तापमान पर जताई चिंता


ऋषिकेश,22 अप्रैल(दिलीप शर्मा): पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की वृक्ष वाटिका में रोपित पौधों की साफ-सफाई की और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह गुलेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि जिस तेजी से पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है, वह भविष्य में जल संकट का संकेत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वह दिन दूर नहीं जब लोगों को अपने साथ ऑक्सीजन लेकर चलना पड़ेगा।
वहीं, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने अप्रैल माह में असामान्य रूप से बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वर्तमान गति बेहद चिंताजनक है और इसके लिए मानव स्वयं जिम्मेदार है। पेड़-पौधों के अंधाधुंध कटान ने पर्यावरणीय संतुलन को बिगाड़ दिया है, जिसे समय रहते सुधारना आवश्यक है।
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ ऋषिकेश परिक्षेत्र के नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि हर घर से एक पौधा लगाया जाए तो बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है।
कार्यक्रम में हरेंद्र राणा, नरेंद्र सिंह रावत, ललित मोहन जोशी, सुशील सैनी, दिवाकर नैथानी, मनोज कुमार गुप्ता, ऋषिराम उनियाल, शीला राणा, कमलेश शाही, सुनीता पंवार, अनिल भट्ट सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










