उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

टिहरी दौरे पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, बोले—उत्तराखंड को बनाया जाएगा ‘आयुष प्रदेश’

चारधाम यात्रा से जोड़ा गया आयुष, पंचायतों को सशक्त बनाने पर सरकार का जोर; निर्माणाधीन आयुष अस्पताल की प्रगति रिपोर्ट तलब

 

नई टिहरी (दिलीप शर्मा): पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में आयुष क्षेत्र के विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य को ‘आयुष प्रदेश’ के रूप में विकसित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में जल्द ही ठोस और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार टिहरी जनपद के दौरे पर पहुंचे मदन कौशिक ने चंबा के दिखोलगांव स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि उनका यह भ्रमण विभागीय योजनाओं की समीक्षा और स्थानीय समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से है।

उन्होंने बताया कि आपदाग्रस्त क्षेत्रों में तेजी से सुरक्षात्मक एवं अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही, आपदा से पूर्व तैयारियों और आपदा के दौरान प्रभावी कार्ययोजना के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देने के तहत राज्य सरकार ने पहली बार चारधाम यात्रा को आयुष सेवाओं से जोड़ा है। यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख पड़ावों पर आयुष चिकित्सकों और स्टाफ की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री कौशिक ने टिहरी जनपद के लामणीधार में निर्माणाधीन 50 बेड के आयुष अस्पताल की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और ग्रामीण विकास की समग्र परिकल्पना के तहत विभिन्न विभागों को भी पंचायती राज व्यवस्था के दायरे में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, चंबा पालिकाध्यक्ष शोभनी धनौला, ग्राम प्रधान बलवंत सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री, डीपीआरओ एम.एम. खान, एएमए भागवत पाटनी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी सुभाष चन्द्र, डीडीएमओ ब्रिजेश भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button