तोताघाटी में 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक घायल, युवती की तलाश जारी
SDRF, पुलिस व 108 की संयुक्त रेस्क्यू कार्रवाई; दिल्ली निवासी बताए जा रहे दोनों सवार

देवप्रयाग/टिहरी(दिलीप शर्मा): देवप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत तोताघाटी के पास मंगलवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और SDRF ब्यासी की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद टीम खाई में गिरे वाहन तक पहुंची, जहां एक युवक घायल अवस्था में मिला। घायल की पहचान अनीश (22 वर्ष), पुत्र संदीप, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है।
घायल युवक के अनुसार वाहन में उसके साथ एक युवती भी सवार थी, जिसकी पहचान सोहनी (20 वर्ष), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। SDRF टीम द्वारा युवती की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन टाटा टिगोर (DL 11 CD 3154) बताया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।









