उत्तराखंडऋषिकेश

महापौर शंभू पासवान ने बहुमंजिला पार्किंग व निगम भवन निर्माण का किया निरीक्षण

समयबद्ध पूर्णता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश, ट्रैफिक जाम से राहत की उम्मीद

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग एवं कार्यालय भवन का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लेते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की गति तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और आम जनता को इसका लाभ जल्द मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्धता के साथ किसी भी प्रकार की गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि बहुमंजिला पार्किंग बनने से शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पार्किंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही, इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।

उन्होंने संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को निर्माण कार्य में मानकों के अनुरूप सामग्री के उपयोग तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एमडीडीए के अधिकारी एवं निर्माण से जुड़े अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button