उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमासिक बैठक

टिहरी में राजस्व विभाग की मासिक बैठक, कानून-व्यवस्था व लंबित मामलों पर सख्ती के निर्देश

महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर विशेष निगरानी, अवैध शराब व लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, राजस्व कार्यों तथा विभिन्न आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियोजन और पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर बल दिया। साथ ही अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में शस्त्र अधिनियम, आबकारी अधिनियम और कोटपा एक्ट के तहत लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में दर्ज मामलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। पॉक्सो अधिनियम के तहत बढ़ते मामलों पर भी गंभीर चर्चा करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने शस्त्र अधिनियम के एक लंबित प्रकरण के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए एनडीपीएस अधिनियम और आबकारी से जुड़े मामलों में भी सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और राजस्व से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी सहित विभिन्न परगनों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button