देवप्रयाग के तोताघाटी में कार खाई में गिरी, दो युवक-युवती घायल
400 मीटर गहरी खाई में गिरे वाहन तक SDRF ने पहुंच बनाई, रेस्क्यू के बाद दोनों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया

टिहरी/देवप्रयाग(दिलीप शर्मा): देवप्रयाग क्षेत्र के तोताघाटी के पास बुधवार सुबह एक कार के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस, पुलिस और एसडीआरएफ ब्यासी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बताया गया कि वाहन करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा था। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने वाहन तक पहुंच बनाई, जहां एक घायल युवक मिला। युवक ने बताया कि वाहन में एक युवती भी सवार थी, जिसके बाद टीम ने सर्च ऑपरेशन तेज किया।
एसडीआरएफ टीम ने खोजबीन के दौरान घायल युवती को भी ढूंढ निकाला। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन टाटा टिगोर (DL 11 CD 3154) है। वाहन में सवार अनीश (22 वर्ष), पुत्र संदीप निवासी दिल्ली और सोहनी (20 वर्ष) निवासी दिल्ली घायल हुए हैं।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।










