उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में ‘दिशा’ बैठक: संजय झील को पर्यटन मानचित्र पर लाने और रंभा नदी संरक्षण पर जोर

महापौर शंभू पासवान ने दिए सुझाव, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में हुई विकास कार्यों की समीक्षा

देहरादून (दिलीप शर्मा): जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन देहरादून में टिहरी गढ़वाल की सांसद श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ लंबित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने विशेष रूप से संजय झील को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का सुझाव रखा। उन्होंने कहा कि झील का समुचित विकास क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।

इसके साथ ही महापौर ने रंभा नदी के संरक्षण और पुनरुद्धार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों को बचाना पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि नदी के पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र अमल किया जाए।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की उपलब्धियों और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

अध्यक्षता कर रही सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button