टिहरी में NDRF का स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम, 156 प्रतिभागियों को दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण
गजा स्थित शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलीटेक्निक में FAMEX के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, बचाव एवं प्राथमिक उपचार का कराया गया अभ्यास

टिहरी(दिलीप शर्मा): जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी गढ़वाल के सहयोग से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा संचालित FAMEX कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को विकासखंड चंबा की तहसील गजा स्थित शहीद श्री विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलीटेक्निक में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 156 कार्मिकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया।

इस दौरान NDRF टीम ने आपदाओं से बचाव, प्राथमिक उपचार, अस्थायी स्ट्रेचर (इंप्रोवाइजेशन) बनाने के तरीके तथा खोज एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त विभिन्न उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही टीम द्वारा डेमो प्रस्तुत कर अध्यापकों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम में टीम लीडर सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 15वीं बटालियन NDRF के कमांडेंट के निर्देशन में पूरे उत्तराखंड में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टिहरी जनपद में 20 अप्रैल से 5 मई 2026 तक कुल 13 स्थानों पर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पूर्व में 21 से 27 अप्रैल तक घनसाली तहसील में कार्यक्रम संपन्न किए गए, जबकि 28 अप्रैल से 5 मई तक चंबा एवं थौलधार विकासखंड में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर संतोष प्रसाद पुरोहित सहित NDRF टीम और DDMA के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने भी आपदा प्रबंधन की जानकारी एवं आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कुंवर सिंह ने कहा कि आपदा से संबंधित छोटे-छोटे सुझाव भविष्य में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। उन्होंने NDRF एवं DDMA टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं, संस्थान के प्रधानाचार्य विभूति ध्यानी ने कहा कि आपदाओं से बचाव और पूर्व तैयारियों के प्रति जागरूकता आज की आवश्यकता है।










