
ऋषिकेश,29 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा असेना में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भाग लेकर स्थानीय लोगों से संवाद किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने गुलदस्ते भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान सुषमा बिष्ट ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में ग्राम सभा समेत पूरे क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिली है।
कार्यक्रम में वीरभद्र के पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज लाइन, सड़कों का निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और विद्युत से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधि की सक्रियता का परिणाम बताया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक को पांचवीं बार विजयी बनाने का संकल्प भी लिया।
अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई और विधायक निधि से 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर पंचायत सदस्य मनीषा गुंसोला, प्रभा, कीर्ति बिष्ट, प्रमोद राणा, गीता देवी, लक्ष्मी पवार, तिलक चौहान, योगेंद्र सैनी और अभिषेक बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।










