उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

प्रतापनगर में बीडीसी बैठक सम्पन्न, स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जिलाधिकारी का जोर

शिक्षा, सड़क, पेयजल व सामाजिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा; जनहित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

प्रतापनगर/टिहरी(दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर विकासखंड में बुधवार को क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक क्षेत्र पंचायत प्रमुख मनीषा पंवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बीडीसी एक संवैधानिक मंच है, जहां स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए शिक्षकों की तैनाती, विद्यालय भवनों की मरम्मत, रसोई निर्माण एवं विद्यालयों के उच्चीकरण पर विचार-विमर्श किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी पूनम ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर शिक्षकों की तैनाती की जा चुकी है तथा अन्य निर्माण कार्य जिला योजना एवं खनिज न्यास के अंतर्गत प्रस्तावित हैं। कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने की मांग पर जिलाधिकारी ने एसडीएम प्रतापनगर को भूमि का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों में मुखमल गांव में जलभराव, बनाली-प्रतापनगर मोटर मार्ग पर ठेकेदार द्वारा भुगतान न किए जाने, मुखेम-धंगड़ सड़क की जर्जर स्थिति, सड़क कटान मुआवजा तथा पेयजल आपूर्ति जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने संबंधित मामलों में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पेयजल संकट को लेकर महिला सदस्यों ने विभिन्न क्षेत्रों में टूटी पाइपलाइन एवं जल आपूर्ति बाधित होने की समस्या उठाई। जल संस्थान विभाग ने लोहारखां पंपिंग योजना के लिए धनराशि की कमी की जानकारी दी, वहीं अधूरे कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर डीडब्ल्यूएसएम बैठक में प्रस्तुत करने की बात कही गई।

समाज कल्याण विभाग से जुड़ी समस्याओं में वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन न मिलने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अगले सप्ताह विशेष शिविर आयोजित कर समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से लोगों को भ्रमित कर धर्मांतरण कराने एवं सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर सदन में सर्वसम्मति से जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव पारित किया गया।

ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश रमोला ने क्षेत्र में नाली निर्माण, सड़क संपर्क, मुआवजा वितरण एवं न्याय पंचायत स्तर पर प्रमाण पत्र सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्रों के लिए डिजिटल आवेदन प्रक्रिया अपनाने की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टाल का निरीक्षण किया तथा उत्पादों की खरीदारी कर अन्य लोगों को भी स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button