उत्तराखंडऋषिकेशराजनीति

भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर ऋषिकेश में जश्न

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई, जनसेवा जारी रखने का आह्वान

ऋषिकेश, 4 मई (दिलीप शर्मा): पश्चिम बंगाल, असम एवं पाण्डुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से हुई ऐतिहासिक विजय पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, सुशासन और विकास की राजनीति पर जनता की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जनता ने घुसपैठ और तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए राष्ट्रवाद और विकास के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का संघर्ष और बलिदान इस विजय में परिलक्षित होता है।

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी की यह सफलता देशभर में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसेवा में जुटे रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिष्ठान वितरित कर खुशी साझा की।

कार्यक्रम में ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पिंकी धस्माना, पुनीता भंडारी, अनिरुद्ध शर्मा, दीपक बिष्ट, बसंती शर्मा, मुन्नी देवी, पूर्णिमा तायल, माधुरी उनियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button