उत्तराखंडजनसुनवाईटिहरी गढ़वाल

कलेक्ट्रेट में जनता दरबार आयोजित, 29 से अधिक शिकायतों पर सुनवाई

प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध निस्तारण और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद पर जोर

टिहरी गढ़वाल, 4 मई(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम (जनता दरबार) आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने 29 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में विकासखंड चम्बा के नवागर संगवाण गांव में दो माह से गैस सिलेंडर आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को तत्काल गैस वाहन भेजने और ग्रामीणों को दूरभाष के माध्यम से सूचना देने के निर्देश दिए गए।

न्याय पंचायत डडूर क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा दिखोलगांव-धारकोट में कृषि विभाग द्वारा निर्मित भवन के जीर्णोद्धार की मांग पर विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विकासखंड नरेन्द्रनगर के ग्राम कखील में भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर एसडीएम नरेन्द्रनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं ग्राम परोड़ी (जौनपुर) के 17 परिवारों को जल जीवन मिशन से वंचित रहने की शिकायत पर जल निगम चम्बा को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा चम्बा रानीचौरी क्षेत्र में एक मकान के समीप खतरनाक स्थिति में खड़े चीड़ के पेड़ को हटाने हेतु वन विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रभारी जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button