उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

एडीएम ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, कार्यों में तेजी लाने पर जोर

एक सप्ताह में अनारंभ कार्य शुरू करने के निर्देश, खेती के मौसम में पेयजल व सिंचाई बाधित न हो

टिहरी गढ़वाल, 06 मई(सू.वि.), दिलीप शर्मा: वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत एसडीआरएफ, नॉन-एसडीआरएफ एवं एसडीएमएफ मदों से स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए तथा अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर कार्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने 57 अनारंभ कार्यों को एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने के सख्त निर्देश देते हुए लापरवाही पर नाराजगी जताई।

समीक्षा के दौरान पीएमजीएसवाई के तहत घनसाली क्षेत्र में गुट्टू मोटर मार्ग एवं जाखणीधार में पीटी सड़क के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। इसके साथ ही जौनपुर क्षेत्र के कियारा मोटर मार्ग और चंबा क्षेत्र के चामनी मोटर मार्ग की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

प्रतापनगर विकासखंड से मजाफ एवं तीनगढ़ में पेयजल लाइन और सिंचाई गूल की मरम्मत कार्यों की प्रगति से अवगत कराया गया। वहीं जाखणीधार में धारकोट स्थित प्राथमिक विद्यालय की दीवार मरम्मत तथा जौनपुर के नालाखाला क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुलिया का कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई।

लघु सिंचाई विभाग द्वारा 276 स्वीकृत कार्यों में से 140 कार्य पूर्ण किए जाने की सूचना दी गई, जबकि शेष कार्यों को 10 दिनों के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय खेती का है, ऐसे में पेयजल और सिंचाई से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

सिंचाई खंड टिहरी द्वारा 11 कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। नरेंद्रनगर विकासखंड में एक ग्राम पंचायत की पुलिया मरम्मत का कार्य पूरा हुआ है। भिलंगना एवं थौलधार विकासखंडों में भी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। थौलधार में 107 योजनाएं पूर्ण होने तथा 67 योजनाओं में कार्य पूर्ण होने के बावजूद निरीक्षण शेष होने पर एडीएम ने 10 दिन के भीतर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में पेयजल निगम चंबा, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button