मानसून से पहले जलभराव रोकने की तैयारी तेज, प्रभारी जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
10 दिनों में स्थलीय निरीक्षण, फॉगिंग अभियान और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 07 मई(दिलीप शर्मा): जनपद में आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव की समस्या के समाधान एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं नगर निकायों द्वारा मानसून पूर्व किए जा रहे कार्यों और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नगर निकायों को आगामी 10 दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले फॉगिंग अभियान शुरू किया जाए तथा आमजन को जलभराव रोकने एवं स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाए। इसके साथ ही रैन बसेरों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।

नालियों की सफाई और आपदा उपकरणों की जांच पर जोर
प्रभारी जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों का कटान और जल निकासी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों का स्टॉक चेक करने तथा खराब या अनुपयोगी उपकरणों को तत्काल बदलने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, सड़कों के किनारे मलबा जमा न होने देने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को 30 मई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
बैठक में चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थापित मोबाइल टॉयलेट्स की नियमित साफ-सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही जनसामान्य को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए अनाउंसमेंट उपकरणों एवं वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ड्रेनेज नेटवर्क की जानकारी
बैठक में अनुराग रंजन द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में वर्तमान जलभराव की स्थिति, निकासी व्यवस्था एवं प्रगतिरत योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान मौजूदा ड्रेनेज नेटवर्क और उसके सुधार कार्यों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन रावत, एडीएम शैलेंद्र नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, गणेश प्रसाद नौटियाल, सिंचाई विभाग के कोमल सिंह, दरमियान सिंह, नैना रावत, प्रीतम सिंह सहित संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।










