चारधाम यात्रा-2026: यात्रा व्यवस्था में जुटे वालंटियर्स को पुलिस ने किया प्रोत्साहित
पहचान पत्र, टी-शर्ट व जरूरी सामग्री वितरित कर बढ़ाया उत्साह

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में नियुक्त वालंटियर्स का निरीक्षण कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश एवं प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश द्वारा यात्रा ड्यूटी में लगे वालंटियर्स से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस दौरान वालंटियर्स को प्रोत्साहित करते हुए पहचान पत्र, कैप, टी-शर्ट तथा सीटी वितरित की गई। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए उन्हें ग्लूकोज के डिब्बे एवं पानी की बोतलें भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि वे पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे सकें।
यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखने के दिए निर्देश
क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश ने सभी वालंटियर्स को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के साथ सदैव मधुर, विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से आने वाले यात्रियों को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा आवश्यकता पड़ने पर उनकी हरसंभव सहायता करना वालंटियर्स की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

सुरक्षित और सफल यात्रा संचालन को लेकर पुलिस सतर्क
पुलिस प्रशासन द्वारा चारधाम यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।










