उत्तराखंडऋषिकेश

विधायक निधि से वार्डों के विकास को 32 लाख रुपये स्वीकृत

आंतरिक मार्ग, नालियां और सीसीटीवी कैमरे होंगे स्थापित, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया आभार

ऋषिकेश, 10 मई (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 6, 11, 12 एवं 13 के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 32 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की है। इस राशि से संबंधित वार्डों में आंतरिक मार्गों, नालियों तथा सीसीटीवी कैमरों का निर्माण एवं स्थापना कार्य किया जाएगा।

ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी एवं मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना के नेतृत्व में डॉ. अग्रवाल का स्वागत करते हुए क्षेत्रीय विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक द्वारा लगातार विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने से स्थानीय जनता को लाभ मिल रहा है।

भाजपा की जीत को बताया जनता के विश्वास की विजय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल, असम एवं पाण्डुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की विजय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा की नीतियों एवं लोकतंत्र में जनता के विश्वास की जीत है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने कथित कुशासन, घुसपैठ को समर्थन, महिलाओं पर अत्याचार और जंगलराज के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है।

समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का भरोसा

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वे ऋषिकेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

इस अवसर पर फिरू जंगवानी, रोशन रतूड़ी, प्रेम दत्त जोशी, जगावर सिंह, दिनेश सेमवाल, डंडरियाल जी, ओम प्रकाश शर्मा, अनंत राम भट्ट, आशु डंग (पार्षद), राघव जी, विवेक जी, प्रमोद जी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button