ऋषिकेश पुलिस का नशे पर प्रहार, 104 ट्रेटा पैक अवैध देशी शराब बरामद
दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज, स्कूटी भी सीज

ऋषिकेश/देहरादून(दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 104 ट्रेटा पैक अवैध देशी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा तस्करों के विरुद्ध लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 मई 2026 को गठित पुलिस टीमों ने बन्खण्डी एवं जंगलात बैरियर क्षेत्र में कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बन्खण्डी ऋषिकेश निवासी 46 वर्षीय बिशम्बर पुत्र स्व. राम सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अवैध देशी शराब बरामद की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में चंद्रेश्वर नगर निवासी 20 वर्षीय सौरभ पासवान पुत्र रामदुल पासवान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 ट्रेटा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई। घटना में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK14K-4020 एक्टिवा को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस ने आरोपी बिशम्बर के खिलाफ मु0अ0सं0 182/2026 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम तथा सौरभ पासवान के खिलाफ मु0अ0सं0 183/2026 धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे:
कांस्टेबल सोहन, कांस्टेबल हिमांशु, कांस्टेबल आशुतोष कुमार एवं कांस्टेबल विकास राणा।










