चारधाम यात्रा 2026 को लेकर मुनि की रेती में चला विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान
यात्रा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने पर जोर

मुनि की रेती/टिहरी,14 मई(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा 2026 के सुचारु संचालन एवं बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला, टिहरी गढ़वाल द्वारा पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान मुनि की रेती प्रवेश द्वार से शुरू होकर तपोवन चौराहे तक संचालित किया गया।

अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडे, उपनिरीक्षक आशीष शर्मा तथा उपनिरीक्षक आशीष रतूड़ी ने किया। नगर पालिका की ओर से मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

संयुक्त टीम ने सड़क किनारे लगी ठेली-रेड़ी, अस्थायी दुकानों एवं अन्य अवैध अतिक्रमण को हटाया। यात्रा मार्ग के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कर मार्ग को व्यवस्थित बनाया गया, जिससे चारधाम यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
पालिका एवं पुलिस प्रशासन ने अभियान के दौरान संबंधित लोगों को भविष्य में यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी। साथ ही स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से नगर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि यात्रा मार्गों पर यातायात बाधित न हो और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।










