उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

पांडु पत्थर में गंगा स्नान के दौरान 16 वर्षीय किशोर डूबा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

प्रतिबंधित घाट पर दोस्तों संग नहाने गया था दिल्ली का छात्र, अंधेरा होने पर रोका गया अभियान

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): S D R F द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार पांडु पत्थर क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर के डूबने की घटना सामने आई है। घटना गुरुवार शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार चार किशोर गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया। अन्य साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में ओझल हो गया। बताया गया कि यह क्षेत्र प्रतिबंधित घाट है, जहां चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।

डूबने वाले किशोर की पहचान आशीष कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी सागरपुर, जनकपुरी, नई दिल्ली के रूप में हुई है। वह कक्षा 11 का छात्र बताया गया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF की डीप डाइविंग टीम

घटना की सूचना थाना मुनिकीरेती द्वारा SDRF को दी गई, जिसके बाद SDRF की डीप डाइविंग टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। प्रशिक्षित डीप डाइवरों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव के बीच सघन सर्च अभियान चलाया।

हालांकि अंधेरा होने और नदी में विजिबिलिटी पूरी तरह समाप्त हो जाने के कारण देर शाम अभियान को स्थगित करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

शुक्रवार सुबह फिर शुरू होगा सर्च अभियान

SDRF अधिकारियों ने बताया कि 15 मई की सुबह होते ही टीम दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।

SDRF की अपील

SDRF ने आमजन से अपील की है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ऐसे में अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन करें। साथ ही बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने देने की सलाह भी दी गई है।

Related Articles

Back to top button