उत्तराखंडचार धाम यात्राटिहरी गढ़वालयातायात

चारधाम यात्रा में नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

टिहरी में परिवहन विभाग का सघन अभियान, 04 वाहन सीज़ और 12 चालान

टिहरी गढ़वाल,15 मई(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने भद्रकाली एनएच-34 पर सघन प्रवर्तन अभियान चलाकर नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग किए जाने के आरोप में दो वाहनों को सीज़ किया गया। वहीं अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन में दो और वाहनों को सीज़ करते हुए कुल चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात एवं परिवहन नियमों की अनदेखी करने पर 12 वाहनों के चालान भी काटे गए।

प्रवर्तन अभियान में सहायक प्रवर्तन निरीक्षक अनंतराम रावत, अर्जुन सिंह तथा परिवहन आरक्षी रोहन, विपिन और सुशील मौजूद रहे।

एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र राज ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग न करें तथा केवल अधिकृत सार्वजनिक सेवा वाहनों का ही प्रयोग करें, ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

Related Articles

Back to top button