उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

टिहरी में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर विधायक किशोर उपाध्याय सख्त

गैस एजेंसियों को रोस्टर के अनुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश, ई-केवाईसी शिविर लगाने पर भी जोर

टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): किशोर उपाध्याय की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र टिहरी में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में नियमित गैस आपूर्ति, ई-केवाईसी, ऑनलाइन बुकिंग और डीएसी की अनिवार्यता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

जनप्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि कुछ गैस एजेंसियों द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार गैस वितरण नहीं किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक किशोर उपाध्याय ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तय रोस्टर के अनुसार ही गैस वितरण सुनिश्चित करें तथा रोस्टर का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें।

बैठक में मौजूद Indian Oil Corporation Limited के क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष ने बताया कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस रिफिल प्राप्त करने के लिए पहले से बुकिंग कराना अनिवार्य है। उपभोक्ता पंजीकृत मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप और पोर्टल के माध्यम से गैस बुक कर सकते हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि विधानसभा क्षेत्र की सभी गैस एजेंसियों को मांग के अनुरूप गैस उपलब्ध कराई जा रही है और यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।

विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि आमजन को गैस वितरण की तिथि और स्थान की सही जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि लोगों का समय व्यर्थ न हो और गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगे। उपभोक्ताओं से आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करने और पूर्व निर्धारित प्वाइंट डिलीवरी व्यवस्था के तहत सिलेंडर प्राप्त करने की अपील की गई।

बैठक में जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक पूरी नहीं हुई है, उनसे जल्द प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया गया। गैस एजेंसियों को विशेष ई-केवाईसी शिविर आयोजित कर वंचित उपभोक्ताओं की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुनील बडोनी, ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर, गैस एजेंसियों के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button