उत्तराखंडऋषिकेशरक्तदान शिविर

स्वर्गीय प्रेम सिंह बिष्ट की 77वीं जयंती पर रक्तदान शिविर आयोजित, 77 यूनिट रक्त संग्रहित

जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने दीप प्रज्वलित कर किया शिविर का शुभारंभ, गर्मियों में रक्तदान की आवश्यकता पर दिया जोर

ऋषिकेश,18 मई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश ग्राम सभा के स्वर्गीय प्रधान प्रेम सिंह बिष्ट की 77वीं जन्म जयंती के अवसर पर उनके पुत्र पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट एवं पार्षद संजय प्रेम सिंह बिष्ट द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परिवर्तन चैरिटेबल रक्तदान सेंटर ऋषिकेश के सहयोग से कुल 77 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

शिविर का उद्घाटन मेयर शम्भू पासवान, पूर्व राज्य मंत्री भगत राम कोठारी, जयेंद्र रमोला, ज्योति सजवान, राज्य मंत्री सुरेंद्र मोघा, पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, सुधीर राय तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रतीक कालिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्तमान समय में गर्मियों के दौरान रक्त की आवश्यकता बढ़ जाती है, जबकि रक्तदान शिविरों की संख्या अपेक्षाकृत कम हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा अपने पिता की 77वीं जन्म जयंती पर 77 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश एक प्रमुख पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे अस्पतालों में रक्त की मांग लगातार बनी रहती है। ऐसे में यदि समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं तो जरूरतमंद मरीजों को राहत मिल सकती है। उन्होंने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने की अपील भी की।

शिविर में रक्तदान करने वालों में सुरेंद्र सिंह नेगी, वीरेंद्र मोघा, दिनेश रावत, सत्या कपरूवान, वीरेंद्र रमोला, वीरेंद्र भारद्वाज, मुस्कान चौधरी, हिमांशु रावत, अनिल पाल, विकास शाही, विशाल शाही, सुधा असवाल, संदीप शर्मा, अक्षय भट्ट, विवेक शर्मा, शुभम शर्मा, नीरज चौहान, राकेश कुमार, शशि कौशिक, रंजन अंथवाल सहित अनेक लोगों ने सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button