वन अग्नि रोकथाम को लेकर प्रशासन सतर्क
एडीएम ने जनपदवासियों से सहयोग और जागरूकता बढ़ाने की अपील

टिहरी गढ़वाल,22 मई(दिलीप शर्मा): जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और शुष्क मौसम को देखते हुए प्रशासन ने वन अग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि जंगलों में लगने वाली आग पर्यावरण, वन संपदा, वन्यजीवों तथा मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
अपर जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जंगलों के आसपास बीड़ी, सिगरेट अथवा जलती हुई माचिस की तीली न फेंकी जाए। साथ ही सूखी घास और झाड़ियों में आग लगाने से बचें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े वनाग्नि हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा वन अग्नि की सूचना एवं त्वरित सहायता के लिए टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं। आमजन से इन नंबरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा कहीं भी आग लगने की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।
प्रशासन ने सभी ग्राम प्रधानों, वन पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों से वन संरक्षण एवं जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। एडीएम ने कहा कि जनसहभागिता और सतर्कता से ही वन अग्नि जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।










