
ऋषिकेश,22 मई(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश की प्रार्थना सभा में शुक्रवार को एनसीसी कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर लौटे कैडेट्स को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी एवं सीनियर एनसीसी ऑफिसर लखविंदर सिंह ने विजेता कैडेट्स को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सीनियर एनसीसी ऑफिसर लखविंदर Singh ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 यूके बटालियन के तत्वावधान में रुड़की में आयोजित शिविर में कोटद्वार, कालागढ़, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और देहरादून सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 700 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। शिविर में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के कैडेट्स का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में पांच पदक, रस्साकस्सी प्रतियोगिता में सात पदक तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में छह पदक कैडेट्स द्वारा अर्जित किए गए, जो विद्यालय के लिए एक कीर्तिमान है।
जूनियर विंग एनसीसी अधिकारी विकास नेगी ने बताया कि विद्यालय के कैडेट्स ने कुल 18 पदकों में से 10 स्वर्ण पदक एवं 8 रजत पदक अपने नाम किए। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रस्साकस्सी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीते।
प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने पहली बार इतने अधिक स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कैडेट्स एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि कठोर अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर विद्यार्थियों ने यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार विद्यालय का नाम रोशन करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, प्रवक्ता जयकृत सिंह रावत, शालिनी कपूर, नीलम जोशी, रंजन अंथवाल, ज्योतिर्मय शर्मा, अजय कुमार, प्रवीन रावत, रेहा ध्यानी एवं जगदंबा थपलियाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।










