प्रतिबंधित घाट पर फोटो खींचना पड़ा भारी, गंगा में बह गए अमरोहा के दो युवक
लक्ष्मणझूला क्षेत्र में SDRF का सर्च अभियान जारी, पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील

ऋषिकेश/लक्ष्मणझूला, 22 मई(दिलीप शर्मा): थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत डबल ट्रिपल बीच के पास घूमने आए चार दोस्तों में से दो युवक गंगा नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना उस समय हुई जब दोनों युवक नदी किनारे फोटो खींच रहे थे। देखते ही देखते वे संतुलन खो बैठे और तेज धारा की चपेट में आ गए।
साथ आए अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी और दोनों युवक नदी में डूब गए। बताया गया है कि घटना स्थल पूर्णतः प्रतिबंधित घाट क्षेत्र है, जहां जाना जोखिमपूर्ण माना जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार प्रातःकाल से डीप डाइवरों एवं रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सर्च अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

डूबने वाले युवकों की पहचान मोहम्मद फैज़ान (25 वर्ष) पुत्र अली अब्बास तथा मोहम्मद कैफ (19 वर्ष) पुत्र नसीम अख्तर निवासी नौगावां सादात, जनपद अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ ने सभी पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित घाटों एवं असुरक्षित स्थानों पर स्नान अथवा फोटो खींचने के लिए न जाएं। नदी किनारे लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है, इसलिए पूर्ण सतर्कता बरतना आवश्यक है।










