उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 का भव्य शुभारम्भ, मुख्यमंत्री धामी ने दी विकास योजनाओं की सौगात

संस्कृति संरक्षण के साथ विकास का संदेश, गजा क्षेत्र के लिए की 16 महत्वपूर्ण घोषणाएं

गजा/टिहरी(दिलीप शर्मा): पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी जनपद के गजा स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

मुख्यमंत्री का गजा पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखंड में वर्णित घण्टाकर्ण मंदिर इस क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

“लोक संस्कृति हमारी मूल पहचान”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, लोककलाएं, आभूषण और खान-पान की अपनी विशिष्ट पहचान है, जिसे संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकगीतों, लोकनृत्यों और झांकियों की सराहना करते हुए कहा कि गजा महोत्सव हर वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है।

उन्होंने कहा कि देश आज अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकालेश्वर कॉरिडोर जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा दे रहे हैं।

उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विश्व पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। यात्रियों की सुविधाओं, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला, मिनी स्टेडियम, क्रिकेट छात्रावास और विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य जारी है। साथ ही सरकार होमस्टे, वेडिंग डेस्टिनेशन और “हाउस ऑफ हिमालय” जैसी योजनाओं को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

महिलाओं के सम्मान और रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में नई पहचान दिलाई जाएगी।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जताया आभार

इस अवसर पर सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने गजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने भी मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र को दी गई विकास योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रमुख घोषणाएं

  • घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण
  • नगर पंचायत गजा में आंतरिक मार्गों का निर्माण
  • गजा मैदान का विस्तारीकरण एवं मंच निर्माण
  • शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति
  • पर्यटन विकास हेतु कोटेश्वर झील का विकास
  • डांडाचली में इको पार्क निर्माण
  • पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी मंदिरों का सौंदर्यीकरण
  • दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी और बिमाण गांव मोटर मार्ग की स्वीकृति
  • रणाकोट-डांडा-जमोला मोटर मार्ग निर्माण
  • चाका महिला अस्पताल का पीएचसी में उच्चीकरण
  • चाका में सामुदायिक भवन का सुदृढ़ीकरण
  • राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गांव का इंटर कॉलेज स्तर पर उच्चीकरण
  • नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने की घोषणा
  • गजा तहसील में लोक निर्माण, विद्युत, जल संस्थान एवं जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों की स्वीकृति
  • हेंवल नदी में झील निर्माण
  • गजा बगीद में 33 केवी सब-स्टेशन की स्वीकृति

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकनृत्य, नाटक एवं सांस्कृतिक झांकियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभना धनौला, नगर पंचायत मुनिकीरेती अध्यक्ष विनीता बिष्ट, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button