उत्तराखंडचुनावटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव की समय-सारणी जारी

9 जून को होगा मतदान, 11 जून को मतगणना; सार्वजनिक अवकाश में भी खुले रहेंगे संबंधित कार्यालय

नरेंद्र नगर/टिहरी 26 मई(दिलीप शर्मा): राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना दिनांक 25 मई 2026 के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद की नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के निर्वाचन हेतु विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 27 एवं 29 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक की जाएगी। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 30 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। वहीं, नाम वापसी की प्रक्रिया 31 मई को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।

निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 01 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा। मतदान 09 जून 2026 को प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 11 जून 2026 को प्रातः 8:00 बजे से कार्य समाप्ति तक कराई जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर से संबंधित समस्त निर्वाचन कार्यवाही सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा तहसील नरेंद्रनगर में संपादित की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय स्थानीय निकाय चुनावों के लिए निर्धारित नियमावली के अनुसार संपन्न होगी।

इसके अतिरिक्त, निर्वाचन कार्यक्रम की अवधि के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित की जा सके।

Related Articles

Back to top button