कोटी कॉलोनी–डोबरा चांठी पर्यटन मार्ग के भूमि अर्जन मामलों पर डीएम ने सुनी आपत्तियां
पुनर्मूल्यांकन को लेकर 18 भू-स्वामियों के मामलों की समीक्षा, पांच परिसंपत्तियों का दोबारा होगा सर्वे

टिहरी गढ़वाल, 26 मई(दिलीप शर्मा): कोटी कॉलोनी से डोबरा चांठी तक प्रस्तावित पर्यटन मोटर मार्ग निर्माण के लिए अर्जित भूमि से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने भू-स्वामियों की आपत्तियों की सुनवाई की। तहसील टिहरी में आयोजित बैठक में भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम-2013 की धारा 33 के तहत मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में पर्यटन मार्ग निर्माण हेतु अर्जित भूमि पर स्थापित परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन संबंधी समिति की रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे पहले 18 काश्तकारों ने अपनी परिसंपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन की मांग की थी, जिसके बाद अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग की अध्यक्षता में समिति गठित की गई थी।
समिति द्वारा दोबारा सर्वे कर परिसंपत्तियों का मूल्यांकन किया गया। इनमें से 13 भू-स्वामियों ने पुनर्मूल्यांकन पर सहमति जताई, जबकि पांच मामलों में पुनः सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन भू-स्वामियों की परिसंपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन दोबारा किया जाएगा, उनमें दीपक नेगी, लक्ष्मण सिंह, गंभीर सिंह, देवेंद्र सिंह और अरविंद मोहन उनियाल शामिल हैं। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि तीन दिनों के भीतर पुनः सर्वे कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
बैठक में एसडीएम टिहरी कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, जगदीश खाती, एसएलओ कार्यालय से नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा, बीना सेमवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं भू-स्वामी मौजूद रहे।










