
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): SDRF की टीम द्वारा गंगा नदी में पूर्व में डूबे व्यक्तियों की तलाश हेतु बुधवार को भी व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। टीम ने घटनास्थल से लेकर पशुलोक बैराज तक गहन सर्चिंग अभियान संचालित किया।
सर्च अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम को पशुलोक बैराज क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। टीम ने शव को बैराज से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 24 मई को त्रिवेणी घाट स्थित नाव घाट पर देहरादून से आए चार मित्र गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आयुष थापा (17 वर्ष), निवासी कनॉट प्लेस, देहरादून अपना चश्मा पकड़ने के लिए आगे बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से नदी में डूब गया था। बुधवार को एसडीआरएफ टीम ने उसका शव पशुलोक बैराज क्षेत्र से बरामद किया। शव की पहचान परिजनों द्वारा कर ली गई है।
एसडीआरएफ के अनुसार, अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश में सर्च अभियान लगातार जारी है।
एसडीआरएफ की अपील
एसडीआरएफ ने आमजन से गंगा नदी एवं अन्य जल स्रोतों के समीप अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है। टीम ने कहा कि लोग केवल सुरक्षित एवं निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, क्योंकि किसी भी प्रकार की असावधानी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।










