
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आरवीएनएल कॉन्फ्रेंस हॉल, ऋषिकेश में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान एवं आरवीएनएल के डीजीएम ओम प्रकाश मालगुड़ी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला का मुख्य विषय “लोक सेवा ही संकल्प – 12 साल: विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” रहा, जिसमें केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण एवं संवाद आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं, वरिष्ठ अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं और उनके जमीनी स्तर पर पड़ रहे प्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के दौरान आर्थिक विकास, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा पर्यावरण संरक्षण एवं विरासत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस किया गया।
कार्यशाला में ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, आरवीएनएल के डीजीएम ओम प्रकाश मालगुड़ी, यूजीबी ऋषिकेश के एचओडी बिजनेस रोहित बडोला, आरवीएनएल के मुख्य भूविज्ञानी विजय डंगवाल सहित शहर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर पीआईबी देहरादून के अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया कर्मियों एवं दूर-दराज क्षेत्रों में कार्यरत संवाददाताओं के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करना है, ताकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं की सही, सटीक एवं प्रामाणिक जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने तथा जनहित की सूचनाओं के प्रभावी प्रसार में मीडिया की भूमिका पर भी विशेष बल दिया गया।










