विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक
मतदाता सूची के शुद्धीकरण और नए मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग का किया गया आह्वान

टिहरी गढ़वाल, 16 जून(दिलीप शर्मा): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल संचालन एवं निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) के साथ बैठक आयोजित की गई।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धीकरण, नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर मतदाता सूची के परीक्षण एवं सत्यापन कार्य में सहयोग करें तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और सहभागी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
बैठक में इंडियन नेशनल कांग्रेस के देवेंद्र नौडियाल, भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।










