
ऋषिकेश, 17 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को नगर निगम परिसर में विद्युत विभाग की ओर से विद्युत वितरण खंड ऋषिकेश के अंतर्गत डिपोजिट मद में प्रस्तावित नए 33/11 केवी सबस्टेशन (2×12.5 एमवीए) के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। लगभग पौने 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद त्रिवेणी घाट, माया कुंड, नगर निगम क्षेत्र, आवास विकास, गंगानगर, बनखंडी, कोयल घाटी सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। साथ ही नवनिर्मित मल्टी पार्किंग भवन को भी इसी सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर अगले तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस भवन का नाम उत्तराखंड के गांधी के रूप में विख्यात इंद्रमणि बडोनी के सम्मान में “इंद्रमणि भवन” रखा जाएगा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्युत अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हरिद्वार से देहरादून तक लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विद्युत परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता शक्ति सिंह, अधिशासी अभियंता (सिविल) राकेश कुमार, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, भाजपा ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बृजेश शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, महामंत्री दीपक बिष्ट, महिला मोर्चा अध्यक्ष निवेदिता सरकार, महामंत्री दुर्गा जिंदल, सुधा अशवाल, ज्योति पांडे, युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संजीव पाल, एससी मोर्चा अध्यक्ष राकेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










