बौराडी में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की पहल

टिहरी गढ़वाल,17 जून(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को बौराडी क्षेत्र में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण संबंधी तैयारियों और खेल सुविधाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










