नवनियुक्त नगर आयुक्त ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से की शिष्टाचार भेंट, जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
स्वच्छता, जल निकासी और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश, शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने पर बल

ऋषिकेश, 17 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश नगर निगम के नवनियुक्त आयुक्त श्री विजय नाथ शुक्ला ने पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को कैंप कार्यालय में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, कूड़ा निस्तारण तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नगर निगम को जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला ने आश्वस्त किया कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ संपादित करेगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास तथा नगर निगम की विभिन्न योजनाओं एवं भावी कार्ययोजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।










