उत्तराखंडऋषिकेशयोग

योग तनावमुक्त समाज निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम : प्रो. एम. एस. रावत

श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर के चौथे दिन प्राणायाम, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य पर हुआ विशेष सत्र

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के पं. ल. मो. शर्मा परिसर, ऋषिकेश के योग विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर के चौथे दिन प्राणायाम, ध्यान एवं मानसिक स्वास्थ्य विषयक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, चिंता, अवसाद और मानसिक असंतुलन जैसी समस्याएं विश्वभर में तेजी से बढ़ रही हैं तथा योग इन चुनौतियों का सबसे प्रभावी, सुलभ और स्थायी समाधान प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि योग को केवल व्यायाम न मानकर यदि जीवनशैली के रूप में अपनाया जाए तो यह व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों स्तरों पर सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। समाज को आज केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ लोगों की नहीं, बल्कि मानसिक रूप से संतुलित, संवेदनशील और सकारात्मक सोच रखने वाले नागरिकों की आवश्यकता है, जिसमें योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

शिविर के अभ्यास सत्र में योग शिक्षिकाओं स्वाति बंधानी, अंजलि एवं सलोनी ने प्रतिभागियों को कपालभाति, नाड़ी शोधन, भ्रामरी एवं उज्जायी प्राणायाम का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रत्येक प्राणायाम की विधि, अवधि, सावधानियों एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित प्राणायाम से फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ती है, रक्त संचार बेहतर होता है तथा मानसिक तनाव में कमी आती है।

कार्यक्रम में संकायाध्यक्ष प्रो. पी.के. सिंह, योग समन्वयक प्रो. वी.के. गुप्ता, विभागाध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश कंसवाल, डॉ. चंदरेश्वरी नेगी सहित प्रतिभागियों में अंजलि, सुषमा, वंदना, राजन, हरप्रीत एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button