
ऋषिकेश, 18 जून(दिलीप शर्मा): थाना रायवाला क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर कलां स्थित गीता कुटीर घाट पर गुरुवार अपराह्न एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बालक गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइवर्स की सहायता से सघन सर्च अभियान शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना अपराह्न लगभग 3:15 बजे की है। दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र निवासी मुकेश शर्मा का 9 वर्षीय पुत्र कुश शर्मा अपने परिवार के साथ गीता कुटीर घाट पर आया हुआ था। स्नान के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया और डूब गया।
बताया गया कि कुश को बचाने के प्रयास में उसका भाई प्रियांशु शर्मा भी नदी की धारा में बहने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं कुश शर्मा तेज बहाव में आगे निकल गया, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया।
घटना की सूचना पर SDRF ढालवाला की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस से आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद संभावित स्थानों पर डीप डाइवर्स की मदद से व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। फिलहाल बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है और तलाश लगातार जारी है।
SDRF ने की सावधानी बरतने की अपील
SDRF ने आमजन, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान अथवा प्रतिबंधित घाट पर स्नान न करें तथा केवल सुरक्षित एवं चिन्हित पक्के घाटों का ही उपयोग करें। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, क्योंकि नदी का जलस्तर एवं बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
SDRF ने कहा कि पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें समय-समय पर जागरूकता अभियान और उद्घोषणाओं के माध्यम से लोगों को सतर्क करती रहती हैं। ऐसे में सभी नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और गहरे पानी या असुरक्षित क्षेत्रों में जाने से बचें।










