जौनपुर क्षेत्र पंचायत बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर मंथन
विधायक ने योजनाओं की प्रगति सार्वजनिक करने और बिजली समस्याओं के समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

टिहरी गढ़वाल,18 जून(दिलीप शर्मा): विकासखंड जौनपुर सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख सीता पंवार की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक में क्षेत्रीय विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विधायक धनोल्टी प्रीतम सिंह पंवार, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग को ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत, प्रस्तावित, सर्वेक्षित और टेंडर प्रक्रिया में शामिल सभी सड़कों की अद्यतन जानकारी सार्वजनिक करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को योजनाओं की वास्तविक प्रगति की जानकारी मिल सके।
विधायक ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सभी जूनियर इंजीनियर अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत लाइनों का सर्वेक्षण पूरा करें और अगली क्षेत्र पंचायत बैठक तक झूलते तारों सहित अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर हल होने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों में जिला अथवा शासन स्तर से स्वीकृति आवश्यक है, उनमें समयबद्ध कार्रवाई करते हुए पत्राचार किया जाए।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शिक्षा विभाग के क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत, खेल मैदानों के विकास, शिक्षकों की दूरस्थ क्षेत्रों से आवाजाही और घटती छात्र संख्या जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह कार्की ने इन विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। सदस्यों द्वारा विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति का मामला उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि शिक्षकों के विद्यालय से आठ किलोमीटर की परिधि में निवास सुनिश्चित करने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं तथा अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई है। लापरवाही मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी सदस्यों ने विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाओं के पुनर्निर्माण, विभिन्न तोकों तक कनेक्शन उपलब्ध कराने और कार्य पूर्ण होने से पहले योजनाओं का हैंडओवर न किए जाने की समस्याएं उठाईं। इस पर जल निगम चम्बा के अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल और जल संस्थान के अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी दी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग से संबंधित जर्जर सड़कों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त स्थलों पर पुश्तों एवं पैराफिट निर्माण, नई सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी तथा बंद नालियों की सफाई जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार टम्टा ने विभागीय कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत कराया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने आपदा एवं विपरीत परिस्थितियों में लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी मशीनों की समय पर उपलब्धता की सराहना करते हुए इसे जनहित में प्रभावी व्यवस्था बताया।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख जयकृष्ण उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल एवं जोत सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।










