अतिक्रमणउत्तराखंडऋषिकेश

अतिक्रमण और गंदगी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं, जायज़ मांगों पर ही होगा विचार: महापौर शंभू पासवान

त्रिवेणी घाट पर कार्यवाही के बाद शिकायत लेकर पहुंचे फड़ विक्रेताओं को नियमों का पालन करने की दी नसीहत, अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): त्रिवेणी घाट क्षेत्र में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण और खुले में खाद्य सामग्री बेचने वाले फड़ विक्रेताओं के खिलाफ की गई कार्यवाही के बाद शनिवार को कई फड़ विक्रेता अपनी समस्याएं लेकर नगर निगम महापौर शंभू पासवान से मिले। इस दौरान महापौर ने उनकी बात सुनी, लेकिन स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी।

महापौर शंभू पासवान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आजीविका चलाने का अधिकार है, लेकिन यह कार्य निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने से आमजन को असुविधा होती है तथा शहर की व्यवस्था प्रभावित होती है।

उन्होंने फड़ विक्रेताओं को नियमों का पालन करने की सलाह देते हुए कहा कि नगर निगम केवल उन्हीं मांगों पर विचार करेगा जो नियमानुसार और जायज़ होंगी। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण या गंदगी फैलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button